

मिथिला पब्लिक न्यूज़, समस्तीपुर ।
समस्तीपुर पुलिस ने एक परिवार की चार लड़कियों के एक साथ गायब हो जाने के सनसनीखेज मामले का खुलासा कर लिया है। पुलिस ने ना सिर्फ गायब हुई लड़कियों को पूना से बरामद किया है, बल्कि इस घटना को अंजाम देने वाले चार बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया है।


जिन्होंने फ्री फायर नामक ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान उन चारों बहनों को अपने जाल में फंसाया था। लड़कियों के साथ पकड़े गए बदमाशों की पहचान झारखंड के देवघर निवासी मो.अताउल अंसारी के पुत्र मो. साहुद, अररिया जिले के तारणपुर निवासी शमशाद आलम के पुत्र मो दिलशाद एवं मंसूर आलम के पुत्र मो जैयद एवं उत्तर प्रदेश के विजनौर जिले के शाहदतपुर गढ़ी के फरीद अहमद के पुत्र मो फैसल के रूप में की गयी है। बताया जाता है कि ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान ही इन सभी बहनों की उन बदमाशों से दोस्ती हुई थी। इसके बाद 20 दिन पूर्व दो फरवरी को ये सभी एक साथ फरार हो गयी थीं।

शनिवार को रोसड़ा डीएसपी शिवम कुमार ने प्रेसवार्ता में इसका खुलासा किया। उन्होंने बताया कि विभूतिपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव की चार लड़कियां स्कूल जाने के क्रम में एकसाथ गायब हो गयी थी। इस सनसनीखेज मामला के सामने आने के बाद एसपी विनय तिवारी ने इसे गंभीरता से लिया। एसपी ने रोसड़ा डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। जिसमें इंस्पेक्टर जितेन्द्र कुमार, विभूतिपुर थानाध्यक्ष आनंद कश्यप, पुअनि राहुल कुमार, विजेश कुमार, योगेन्द्र सिंह, डीआईयू के अखिलेश कुमार आदि को शामिल किया गया।

विशेष टीम ने मानवीय आसूचना संकलन एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर लापता 04 लड़कियों के साथ साथ एक अन्य लड़की को भी पूना से सुरक्षित बरामद किया। घटना में संलिप्त 04 अपराधी को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस को बताया कि ये आपस में फ्री-फायर ऑनलाइन गेम खेलते थे।

इसी क्रम में इनकी बात-चीत शुरू हुई, होते होते दोस्ती हो गयी। इसके बाद उसने अपने तीन अन्य दोस्तों की सेटिंग भी प्रेमिका की बहनों से करा दी और अपने बहकावे में ले लिया। अनुसंधान के कम में लड़कियों के पंजाब के राजपुरा में होने की बात सामने आई। जहां से वे मो फैसल के साथ महाराष्ट्र के पूना चली गयीं। जहाँ से त्वरित कार्रवाई करते हुए 05 लड़कियो को सकुशल बरामद कर लिया गया। इस गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।














