पुलिस ने जलती चिता से बरामद की लाश, दहेज दानवों ने बुलेट के लिए नवविवाहिता को मारा


मिथिला पब्लिक न्यूज़, समस्तीपुर ।
लाख कोशिशों के बाद भी समाज से दहेज रूपी कोढ़ (लाइलाज बीमारी) खत्म नहीं हो पा रहा है। इसने सदियों से हमारी पीढ़ियों को जकड़ रखा है। दहेज दानव रोज किसी न किसी बेटी को अपना शिकार बना ही लेते हैं। समस्तीपुर में एक बार फिर कुछ ऐसा ही हुआ है। जहां मात्र एक बुलेट बाइक नहीं मिलने से नाराज ससुराल वालों ने एक नवविवाहिता की हत्या कर दी है। इतना ही नहीं चुपके से उसकी लाश को जलाने का भी प्रयास किया है।

हालांकि समय रहते इस घटना की भनक मायके वालों को लग गई। जिसके बाद पुलिस ने जलती हुई चिता से लाश को बरामद किया है। घटना समस्तीपुर के हसनपुर थाना क्षेत्र के कोकनी वार्ड संख्या-12 की बतायी जाती है। मायके वालों के शिकायत पर स्थानीय पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है।

मृत नवविवाहिता कोकनी निवासी पप्पू यादव की पत्नी बुच्ची बतायी जाती है। जो सिंघिया थाना क्षेत्र के बसुआ निवासी अकलू यादव की पुत्री थी। उसकी शादी करीब 10 माह पूर्व ही हसनपुर थाना क्षेत्र के कोकनी निवासी सुरेंद्र यादव के पुत्र पप्पू यादव के साथ हुई थी।


मृतका के भाई के अनुसार शादी में उचित दहेज भी लड़के के परिवार वालों को दिया गया था। फिर भी ससुराल वाले बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। इतना ही नहीं उसकी बहन को बार-बार प्रताड़ित कर बुलेट खरीदने की जिद्द कर रहे थे। इस बात की जानकारी उसकी बहन ने दी थी। शनिवार की देर रात उसे सूचना मिली की उसकी बहन की फांसी लगाकर हत्या कर दी गयी है। ससुराल के लोग लाश को जलाने बागमती नदी किनारे ले गए हैं।

सूचना मिलते ही वह अपने परिवार के साथ शमशान स्थल पर पहुंच गया। उनके पहुंचने पर जलती हुई चिता को छोड़कर ससुरालवाले भाग गए। जिसके बाद उसने अपनी मां के साथ चिता पर पानी देकर आग को बुझाया है। इसी बीच सूचना पर हसनपुर पुलिस भी पहुंच गयी। पुलिस की मौजूदगी में मृतका के भाई और मां ने अधजली लाश को चिता से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने लाश को जब्तकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। उधर, हसनपुर थानाध्यक्ष निशा भारती अपने टीम के साथ घटना की छानबीन में जुट गयी हैं। घटना के बाद से ससुराल के लोग फरार बताये जा रहे हैं।

Leave a Comment

Read More

error: Content is protected !!