


मिथिला पब्लिक न्यूज, कमलेश झा ।
समस्तीपुर में फिरौती के लिए 6 वर्ष के एक बच्चे का अपहरण कर हत्या कर दिये जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जाता है कि बदमाशों ने शनिवार की सुबह करीब दस बजे अपहृत बच्चे के पिता को फोन करके उससे तीन लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। लेकिन पुलिसिया गतिविधि बढ़ने के बाद उस बच्चे की हत्या कर शव को गांव के ही मक्के की खेत में फेंक दिया। घटना ताजपुर थाना क्षेत्र के चंदौली गांव की है।

मृत बच्चा चंदौली के प्रविंद्र राम का 6 वर्षीय एकलौता पुत्र आर्यन कुमार बताया जाता है। शनिवार की दोपहर करीब एक बजे गांव में स्थित मक्के की एक खेत से आर्यन का शव मिला है। शव मिलने के बाद ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गयी, जिसके बाद जमकर बबाल हुआ। लोग स्थानीय पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे थे। लोगों का कहना था कि सूचना मिलने के बाद अगर पुलिस ने गम्भीरता से मामले की पड़ताल शुरू की होती तो आज आर्यन जिंदा होता।

घटना को लेकर बताया जाता है कि 25 अप्रैल(गुरुवार) की रात प्रविंद्र राम अपने 6 वर्षीय पुत्र आर्यन के साथ गांव में ही एक शादी समारोह में गया हुआ था। जहां बराती की सेवा सत्कार में उसे लेट हुआ तो उसने बेटे को घर भेज दिया था। सुबह करीब 3 बजे के बाद जब वह घर पहुंचा तो बेटा घर में नहीं मिला। उस समय उसे लगा कि शादी समारोह स्थल पर सो गया होगा, तो उसने गांव में आर्यन को खोजबीन शुरू की।

शंका होने पर उसने शुक्रवार की सुबह पुलिस को डायल 112 पर सूचना दी। 112 की टीम लिखित आवेदन थाना पर देने की बात कहकर चली गई। अंत में थक हारकर मृत बच्चे के पिता ने ताजपुर थाना को लिखित आवेदन दिया। कहा जाता है कि थानाध्यक्ष ने उस समय प्राथमिकी तक दर्ज नही किया, और बाद में प्राथमिकी दर्ज करने की बात कहकर मृत बच्चे के घरवालों को अपने स्तर से भी खोजबीन करने का सुझाव देकर वापस कर दिया।

सूत्रों का बताना है कि इस घटना में पुलिस तब एक्शन में आयी, जब शनिवार की सुबह करीब 10:00 बजे आर्यन के पिता के मोबाइल पर फिरौती का कॉल आया। कॉल करने वाले ने बच्चे को छोड़ने के एवज में उसके पिता से तीन लाख की फिरौती मांगी। इसके बाद तत्काल आर्यन के पिता ने पुलिस को इसकी सूचना दी। फिरौती की सूचना मिलते ही पुलिस की तंद्रा भंग हो गयी। पुलिस का चंदौली गांव में आर्यन के घर पर आना-जाना शुरू हो गया। पुलिस ने उक्त मोबाइल नंबर की जांच शुरू की। कहा जा रहा है कि कोलकाता के सिम से बदमाशों ने फिरौती की मांग की थी। हालांकि जबतक पुलिस कुछ कर पाती तबतक बहुत देर हो चुकी थी। फिरौती के फोन कॉल आने के करीब तीन घंटे बाद उसी गांव के एक मक्के के खेत से आर्यन की लाश मिल गयी। वैसे पुलिस इस घटना में फिरौती से संबंधित कॉल को लेकर अभी कुछ भी बताने से परहेज कर रही है।

आशंका जताई जा रही है कि अपहर्ताओं ने घर पर पुलिस की आवाजाही देखकर पकड़े जाने के डर से आर्यन की हत्या कर दी। आर्यन के शव को देखकर ऐसा लग रहा था कि हत्यारे ने मिट्टी में बेहरमी से मुंह रगड़कर उसकी हत्या कर दी हो। लाश मिलने की सूचना कुछ ही पलों में पूरे गांव में आग की तरफ फैल गई। सैकड़ो की संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। शव को देखकर लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। घटनास्थल पर जुटी भीड़ ताजपुर थानाध्यक्ष पर लापरवाही का आरोप लगा रही थी।

घटना की सुचना मिलते ही ताजपुर एवं आसपास के थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस मृत बच्चे के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया तो भीड़ ने विरोध कर दिया। लोग वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे थे। बाद में हालात के खराब होने की सूचना पर सदर एसडीओ दिलीप कुमार एवं एएसपी सह सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय भी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद इन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं बुद्धिजीवियों के पहल पर लोगों को जल्द ही हत्यारों को पकड़ने का आश्वासन देकर शांत किया।

एएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों पिता-पुत्र 25 अप्रैल की रात एक शादी समारोह में गये हुए थे। वहां से लौटने के बाद से बच्चा लापता था। 26 को इससे संबंधित आवेदन ताजपुर थाना को उपलब्ध कराया गया था। इसपर पुलिस खोजबीन कर ही रही थी। लेकिन आज दोपहर 12 से एक बजे के बीच बच्चे का शव गांव के ही मक्के की एक खेत में मिला। शव को देखने से प्रतीत होता है कि उसकी हत्या कर दी गयी है। कुछ टेक्निकल साक्ष्य भी मिले हैं, अनुसंधान किया जा रहा है। बहुत जल्द हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












