


मिथिला पब्लिक न्यूज, कमलेश झा ।
समस्तीपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में एक डॉक्टर का उसके ही नर्स ने प्राइवेट पार्ट (लिंग) काट दिया है। बताया जाता है कि उक्त डॉक्टर ने अपने दो सहयोगियों के साथ अपने ही नर्स से सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया था। लेकिन नर्स ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए डॉक्टर पर हमला करके अपनी इज्जत बचायी। घटना बुधवार रात की बतायी जा रही है। पुलिस ने इस घटना में शामिल डॉक्टर एवं उसके दोनों सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी डॉक्टर का पुलिस अभिरक्षा में इलाज कराया जा रहा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बेगूसराय जिले के तेघरा निवासी स्व रामभजन सिंह के पुत्र डॉ संजय कुमार एवं वैशाली जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र के दीघा फतेहपुर निवासी सुनील कुमार गुप्ता एवं बंगरा थाना क्षेत्र के वाजितपुर सरसौना निवासी अवधेश कुमार के रूप में की गई है। घटनास्थल से खून लगा ब्लेड, लुंगी एवं पेंट के साथ शराब की बोतलें भी बरामद की गई है।

गुरुवार को एएसपी सह सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय ने प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार की रात यह महिला आरोपियों के चंगुल से निकल कर जनेड़ा के एक खेत में छुपी हुई थी। डायल 112 ने इसकी सूचना तत्काल मुसरीघरारी थानाध्यक्ष फैजुल अंसारी को दिया। इसके बाद वरीय अधिकारियों के आदेश पर मुसरीघरारी थानाध्यक्ष फैजुल अंसारी के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम बनाकर तत्काल महिला को सुरक्षित थाना पर लाया गया। महिला से घटना की जानकारी लेने के बाद घटनास्थल (RBS HEALTH CARE CENTER) की जांच की गई। साथ ही इलाज करवा रहे आरोपी डॉक्टर एवं उसके सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया। घटनास्थल से खून लगा ब्लेड, डॉक्टर का पेंट एवं लूंगी बरामद की गई।

एएसपी ने बताया कि आरोपी डॉक्टर मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में RBS हिल्स हेल्थ केयर सेंटर (निर्माणाधीन हॉस्पीटल) चलाता है। जिसमें 10-15 माह से वह महिला काम कर रही थी। बुधवार की रात उक्त हॉस्पीटल में कोई मरीज नहीं था। पीड़िता के अनुसार डाक्टर एवं दो साथी शराब पी रहे थे। तीनों ने महिला के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास शुरू कर दिया। पहले तो महिला ने उन्हें काफी समझाने का प्रयास किया। जब उसे लगा कि अब उसकी इज्जत नहीं बचेगी तब उसने साहस बटोर कर चुपके से हाथ में ब्लेड ले लिया। जब डॉक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म करना चाहा तो उसने हाथ में पकड़े ब्लेड से उसके प्राइवेट पार्ट (लिंग) पर प्रहार कर दी। जिससे डॉक्टर गम्भीर रूप से जख्मी हो गया। महिला के तेवर को देखकर सभी आरोपी पीछे हट गए।

इसके बाद महिला गेट का ताला खोलकर भाग खड़ी हुई। महिला को भागते हुए देखकर डॉक्टर के दोनों साथियों ने उसका पीछा किया, लेकिन महिला जनेरा के खेत में जा छिपी। इसके बाद उसने मोबाइल से पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने RBS हेल्थ केयर सेंटर पहुँचकर वहां से आधा बोलत शराब, एक कार, महिला द्वारा प्रयुक्त ब्लेड, खून लगा एक लुंगी, एक बेडसीट, एक पैंट एवं तीनों का मोबाईल जप्त किया गया। एएसपी ने बताया कि शराब को लेकर अलग से कांड दर्ज किया जा रहा है। जख्मी डॉक्टर का ईलाज कराया गया है। तीनों आरोपियों ने अपना अपराध भी स्वीकार कर लिया है।

जानकार सूत्रों की मानें तो आरोपी डॉक्टर वास्तव में फिजियोथेरेपिस्ट है। डाक्टर मूलरूप से बेगुसराय का निवासी है। पिछले करीब 20 वर्षों से मुसरीघरारी थाना के अलता चौर गंगापुर में मकान बनाकर रहता है। उसी में क्लिनिक भी चलाता है। एक संगठन से भी जुड़ा हुआ है। घटना के सामने आने के बाद उसका फेसबुक का एक पोस्ट काफी वायरल हो रहा है जिसमें उसने नागालैंड में हुई दुष्कर्म की घटना पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी थी, लेकिन आज वो स्वयं दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के मामले में पकड़ा गया है।











