समस्तीपुर में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज, आधा दर्जन हिरासत में, हत्या के एक संदिग्ध मामले में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे लोग


मिथिला पब्लिक न्यूज, कमलेश झा ।
नाबालिग लड़की की हत्या के एक संदिग्ध मामले को लेकर पुलिस के विरुद्ध प्रदर्शन कर रहे लोगों पर समस्तीपुर में जमकर लाठी चटकाई गयी। सड़क से जाम हटाने के दौरान पुलिस ने विरोध कर रहे आधा दर्जन लोगों को हिरासत में भी लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की बारीकी से जांच चल रही थी, लेकिन कुछ लोगों ने सोची समझी रणनीति के तहत माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया है। विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए मजबूरन पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी।

यहां बता दें कि तीन दिन पूर्व मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग लड़की गायब हो गई थी। उसकी लाश संदिग्ध परिस्थिति में खानपुर थाना क्षेत्र से गुजर रही बूढ़ी गंडक से शव बरामद किया गया था। जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने लड़की की दुष्कर्म के बाद हत्या करने और लाश को नदी में फेंक देने की आशंका व्यक्त की गई थी। छानबीन के दौरान हकीमाबाद गांव के समीप बूढ़ी गंडक नदी पर बन रहे पुल के बेसकैम्प पर घटना की रात लड़की के पहुंचने की जानकारी मिली थी। बेसकैम्प पर लगे सीसीटीवी फुटेज में भी लड़की देखी गई थी, जिसके पीछे तीन संदिग्ध लोगों को भी जाते हुए देखा गया है। लेकिन बेसकैम्प पर लगे अन्य सीसीटीवी फुटेज में उनकी आवाजाही के सबूत नहीं मिले। घटना के बाद बेसकैम्प के कुछ कर्मी भी फरार बताये जाते हैं। जिससे आशंका को और बल मिल रहा था।


इस मामले को लेकर पुलिस के द्वारा जांच की जा रही थी। मृतका के परिजनों द्वारा भी अभी तक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्वाव जांच रिपोर्ट आने के इंतजार में थी। लेकिन इसी दौरान कुछ लोगों ने इस मुद्दे पर अपनी राजनीतिक रोटी सेंकना शुरू कर दिया। मृत लड़की के कुछ ग्रामीणों को साथ लेकर गुरुवार की दोपहर हाथों में बैनर पोस्टर लेकर पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पटेल मैदान गोलंबर को जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे सदर एसडीओ और डीएसपी के साथ प्रदर्शनकारियों की नोंकझोंक हो गई।

लोग इस घटना में पुल निर्माण कार्य में लगे कम्पनी के कर्मचारियों की गिरफ्तारी एवं मुफस्सिल थानाध्यक्ष को हटाने की मांग कर रहे थे। पुलिस के ऊपर कई तरह के आरोप भी लगा रहे थे। पुलिस ने पहले तो प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों का आक्रोश कम होने का नाम नहीं ले रहा था। इसके बाद माहौल बिगड़ते देख पुलिस ने बल प्रयोग करने का निर्णय लिया। पुलिसकर्मियों ने लाठी भांजकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। इस घटना में कई लोगों को चोटें आई। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस के द्वारा हिरासत में भी लिया गया है।

एएसपी सह सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस इस मामले पर लगातार काम कर रही है। आज शाम तक स्वाव रिपोर्ट आने के बाद मामला पूरी तरह से साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आज एक सुनियोजित तरीके से लोगों को इकट्ठा कर सड़क जाम और प्रदर्शन करवाया गया है। इस घटना को गम्भीरता से लिया जायेगा, और माहौल बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave a Comment

Read More

error: Content is protected !!