11 जून को होगा धरना प्रदर्शन, बकाया भुगतान नहीं होने पर वाहन स्वामियों ने आंदोलन का किया ऐलान, विधानसभा चुनाव 2025 में अधिग्रहित वाहनों का लंबित है भुगतान

मिथिला पब्लिक न्यूज, कमलेश झा ।

विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान अधिग्रहित वाहनों का बकाया मुआवजा भुगतान आठ माह बाद भी नहीं होने से वाहन स्वामियों में भारी आक्रोश है। इसी को लेकर जिला मोटर व्यावसायी संघ, समस्तीपुर की कार्यकारिणी की बैठक रविवार को संघ कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने की। उन्होंने बताया कि पिछले 25 मई को सैकड़ों वाहन स्वामियों ने संघ के नेतृत्व में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी को आवेदन देकर लंबित भुगतान शीघ्र कराने की मांग की थी। उस समय प्रशासन को स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया था कि यदि 10 दिनों के भीतर लगभग पांच करोड़ रुपये के बकाया मुआवजे का भुगतान नहीं किया गया तो वाहन स्वामी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 11 जून को समाहरणालय परिसर के समक्ष विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा तथा चुनाव आयोग का पुतला दहन कर सरकार और प्रशासन के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया जाएगा। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि चुनाव कार्य में लगाए गए वाहनों के मालिक लंबे समय से भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें उनका उचित मुआवजा नहीं मिल पाया है।

संघ के महामंत्री संजीव कुमार सुमन ने कहा कि यदि 11 जून के विरोध-प्रदर्शन के बाद भी भुगतान नहीं होता है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अगले चरण में शहरव्यापी चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा, जिसके तहत वाहन स्वामी अपनी-अपनी गाड़ियों को शहर की सड़कों पर खड़ा कर विरोध जताएंगे।

बैठक में संघ के उपाध्यक्ष बिंदु राय, संतोष कुमार सिंह, विनय कुमार सिंह, सचिव राजबाला राय, उमेश राय, संतोष साह, संजय माथा, सुनील राय, रामकृष्ण, विकास कुमार, अशोक राय, रिंकू सिंह, अमितेश सिंह, मिथिलेश राय, सत्यम शिवम सहित कई पदाधिकारी एवं वाहन स्वामी उपस्थित थे।

Leave a Comment

Read More

error: Content is protected !!