
मिथिला पब्लिक न्यूज, समस्तीपुर।
बिहार के कई जिलों में शुक्रवार की सुबह से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। शुक्रवार की सुबह देखते ही देखते आसमान में घने काले बादल छा गए, जिससे दिन में ही रात जैसा नजारा बनने लगा। तेज हवाओं और बादलों की आवाजाही के कारण लोगों में मौसम को लेकर चिंता बढ़ गई। कई इलाकों में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश की सूचना मिली है।

मौसम विभाग ने समस्तीपुर समेत आसपास के जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार बेगूसराय, खगड़िया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और वैशाली जिले के कुछ स्थानों पर तेज हवा, मेघगर्जन तथा बिजली चमकने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।

विशेष रूप से खेतों में काम कर रहे किसानों, खुले मैदान में मौजूद लोगों तथा पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विभाग ने कहा है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और बिजली चमकने के समय मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल से भी बचें।

अचानक बदले मौसम का असर आम जनजीवन पर भी देखने को मिला। कई स्थानों पर लोग जल्दबाजी में घरों और दुकानों की ओर लौटते नजर आए। बाजारों में भी चहल-पहल कम हो गई। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्कता बरतने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।











