एक अक्टूबर से टन के हिसाब से बिकेगा बालू-गिट्टी, ट्रक मालिकों ने लिया सामूहिक निर्णय, सीएफटी में बिक्री करने वालों को बहिष्कार की चेतावनी

मिथिला पब्लिक न्यूज, कमलेश झा।

समस्तीपुर में अब बालू और गिट्टी की बिक्री टन के हिसाब से करने का निर्णय लिया गया है। एक अक्टूबर से जिले में बालू और गिट्टी की बिक्री टन के आधार पर ही करने को लेकर जिला मोटर व्यवसायी संघ के बैनर तले ट्रक मालिकों ने सामूहिक रूप से शपथ ली। संघ ने स्पष्ट किया कि व्यवसाय हित में लिए गए इस निर्णय को सख्ती से लागू कराया जाएगा।

शहर के हरपुर एलोथ स्थित वृंदावन गार्डन के सभागार में रविवार को जिला मोटर व्यवसायी संघ की बैठक अध्यक्ष संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिलेभर से बड़ी संख्या में बालू एवं गिट्टी परिवहन से जुड़े ट्रक मालिक शामिल हुए। इस दौरान ट्रक मालिकों ने अपने व्यवसाय को बचाने तथा एक समान बिक्री व्यवस्था लागू कराने के लिए एकजुटता दिखाया।

संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने कहा कि बालू-गिट्टी का कारोबार करने वाले ट्रक मालिक वर्तमान में सरकारी नियमों और स्थानीय स्तर की अव्यवस्थाओं की दोहरी मार झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि ट्रक मालिक बालू और गिट्टी की खरीद टन के हिसाब से करते हैं। परिवहन एवं खनन विभाग की कार्रवाई में भी ओवरलोडिंग की स्थिति में वजन के आधार पर कार्रवाई की जाती है, लेकिन बाजार में उसी सामग्री की बिक्री सीएफटी (घन फीट) के आधार पर होने से ट्रक मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि इस विसंगति को दूर करने और व्यवसाय को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से संघ ने एक अक्टूबर से टन के आधार पर बिक्री का निर्णय लिया है। इसके लिए संघ स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। संघ के महासचिव संजीव कुमार सुमन ने कहा कि एक अक्टूबर से समस्तीपुर जिले में यदि कोई ट्रक मालिक अथवा ब्रोकर बालू-गिट्टी की बिक्री टन के बजाय सीएफटी के आधार पर करता हुआ पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध संघ की ओर से सामाजिक दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को मोटर व्यवसायी समाज से बहिष्कृत करने का भी निर्णय लिया गया है।

बैठक में संघ के कार्यकारी अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, उपाध्यक्ष सुजीत राय, विशाल गौरव, संतोष कुमार सिंह, राजबाला राय, अरविंद राय, संतोष राय, अमरजीत सिंह, धीरज राय, गोपाल चौधरी, लालबाबू राय, रुपेश सिंह, विजय राय, उमेश राय, रिंकू सिंह, किशोर शाह, अशोक राय, सुनील राय, सत्यम शिवम, रामकृष्ण, रितेश राय, विजय कुमार, राजू राय, राजीव कुमार, शांतनु कुमार चौधरी, नवनीत कुमार, कुंदन कुमार सहित अन्य ट्रक मालिकों ने अपने विचार रखे।

Leave a Comment

Read More

error: Content is protected !!