मिथिला पब्लिक न्यूज, कमलेश झा।
समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत दादपुर चकनूर गांव में शुक्रवार की अहले सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान भोला राय के पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

बताया जाता है कि सूरज कुमार अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान घर के समीप रखी गई ईंट को किसी ने गिरा दिया। ईंट गिरने की आवाज सुनकर जैसे ही सूरज घर से बाहर निकला, पहले से घात लगाए खड़े उसके चचेरे भाई ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही सूरज लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

परिजनों के अनुसार सूरज को बचाने के लिए उसकी मां दौड़कर पहुंचीं, लेकिन आरोपी ने उन पर भी फायरिंग कर दी। हालांकि संयोगवश वह बाल-बाल बच गईं। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल सूरज को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक के परिजनों ने आरोपी युवक पर शराब के अवैध कारोबार से जुड़े होने का आरोप लगाया है। हालांकि हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। इधर, घटना को लेकर पूछे जाने पर एएसपी सह सदर डीएसपी 1 संजय कुमार पांडेय ने बताया कि जमीनी विवाद में घटना घटी है। घटना की जांच एवं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही स्पीडी ट्रायल के तहत आरोपी को सजा दिलाई जाएगी।











