कमला इमरजेंसी हॉस्पिटल में ARDS और वेंटिलेटर प्रबंधन पर CME आयोजित, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने साझा किए अनुभव

 

मिथिला पब्लिक न्यूज, कमलेश झा।

गंभीर मरीजों के उपचार में आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों और जीवनरक्षक तकनीकों की भूमिका को लेकर शनिवार की शाम मोहनपुर स्थित कमला इमरजेंसी एंड मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में कंटिन्यूइंग मेडिकल एजुकेशन (CME) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें ARDS (एक्यूट रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम) जैसी गंभीर फेफड़ों की बीमारी और उसके वेंटिलेटरी मैनेजमेंट पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने गंभीर मरीजों के उपचार में वेंटिलेटर की उचित सेटिंग और बेहतर प्रबंधन के महत्व पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. राजेश कुमार झा ने ARDS के मरीजों के वेंटिलेटर प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बीमारी की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए वेंटिलेटर की सेटिंग और उपचार के दौरान आवश्यक सावधानियों से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं चेयरपर्सन के रूप में डॉ. ए. के. आदित्य और डॉ. राणा विश्व विजय सिंह उपस्थित रहे। दोनों विशेषज्ञों ने समस्तीपुर में आईसीयू के गंभीर मरीजों के उपचार के लिए विकसित हो रही चिकित्सा सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने इस तरह के शैक्षणिक कार्यक्रमों को चिकित्सकों के ज्ञानवर्धन और चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए महत्वपूर्ण बताया।

 

कमला इमरजेंसी एंड मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की संस्थापक सह निदेशक डॉ. प्रज्ञा भारती ने कहा कि उनके अस्पताल में गंभीर मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में नियमित रूप से अकादमिक कार्यक्रमों और आईसीयू में जीवनरक्षक उपचार से जुड़े विषयों पर चर्चा एवं परिचर्चा को बढ़ावा दिया जाता है, ताकि चिकित्सक अपने ज्ञान और अनुभव को साझा कर सकें।

उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल चिकित्सा संबंधी जानकारी साझा करना नहीं, बल्कि गंभीर मरीजों के उपचार में बेहतर निर्णय लेने, नवीन चिकित्सा पद्धतियों की समझ विकसित करने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को निरंतर बेहतर बनाने में भी सहयोग करना है।

इस अवसर पर डॉ. विकास कुमार, डॉ. अजीत कुमार, डॉ मनोज कुमार सिंह, डॉ. आर. बी. शर्मा, डॉ. मीनाक्षी ठाकुर, डॉ. डी. पी. तिवारी, डॉ. सीतेश कर्ण, डॉ. दीपक, डॉ. धीरेंद्र, डॉ. अमरदीप, डॉ. मनीष, डॉ. आदर्श, डॉ. कुणाल, डॉ. संजय सहित कई चिकित्सक मौजूद थे।

Leave a Comment

Read More

error: Content is protected !!