
मिथिला पब्लिक न्यूज, समस्तीपुर ।
चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए समस्तीपुर स्थित कमला इमरजेंसी एंड मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. राजेश कुमार झा को आईएमए बिहार द्वारा प्रतिष्ठित डॉ. ए. के. एन. सिन्हा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। चिकित्सक दिवस के अवसर पर पटना आईएमए भवन में आयोजित कार्यक्रम उन्हें यह सम्मान दिया गया है।

कहा जाता है कि चिकित्सा सेवा, मरीजों के प्रति समर्पण तथा समाज के स्वास्थ्य के प्रति उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सकों को यह सम्मान प्रदान किया जाता है। डॉ राजेश के अलावा समस्तीपुर के एक और चिकित्सक डॉ रिजवान अहमद को यह सम्मान दिया गया है। इस सम्मान से समस्तीपुर सहित पूरे जिले के चिकित्सक समुदाय में हर्ष का माहौल है। डॉ. राजेश कुमार झा ने ना सिर्फ समस्तीपुर में आईसीयू सेवा की शुरुआत की बल्कि वर्षों से गुणवत्तापूर्ण एवं मानवीय चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। विशेष रूप से गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के उपचार तथा आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है। सैकड़ों मरीजों को वेंटिलेटर पर से वापस लाकर उन्हें नया जीवनदान दिया है।

पुरस्कार प्राप्त करने के बाद डॉ. झा ने इस सम्मान का श्रेय अपने अस्पताल की पूरी टीम, सहयोगी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा मरीजों के विश्वास को दिया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक निष्ठा, सेवा भावना एवं जिम्मेदारी के साथ समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित करेगा। उनके सम्मानित होने पर विभिन्न सामाजिक, चिकित्सा एवं शैक्षणिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

डॉ झा ने बताया कि इस सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भूमि एवं राजस्व मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल के साथ साथ आईएमए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बीएमसीआर के रजिस्ट्रार डॉ सहजानंद सिंह, आईएमए बिहार के प्रेसिडेंट डॉ आर एन सिंह, सचिव डॉ आशुतोष शरण, डॉ दिनेश कुमार, डॉ डी एस सिंह आदि मौजूद थे।











