
मिथिला पब्लिक न्यूज, कमलेश झा ।
विधानसभा चुनाव 2025 में अधिग्रहित वाहनों के बकाया का आजतक भुगतान लंबित है। जिसको लेकर वाहन व्यवसायियों में आक्रोश व्याप्त हो गया है। सोमवार को इस भुगतान की मांग को लेकर सैकड़ों वाहन व्यवसायियों ने जिला मोटर व्यवसायी संघ के नेतृत्व में जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर उन्हें अपना मांग पत्र सौंपा।

संघ के जिला अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि वाहन स्वामियों द्वारा व्यक्तिगत आवेदन देने के साथ-साथ संघ की ओर से भी सामूहिक आवेदन सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि सभी वाहन व्यवसायियों का बकाया भुगतान 10 दिनों के भीतर कराने की मांग की गई है। निर्धारित समय सीमा के अंदर भुगतान नहीं होने पर निर्वाचन आयोग के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। आंदोलन के तहत धरना-प्रदर्शन, पुतला दहन एवं चक्का जाम जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिला अध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि संबंधित विभाग से आवंटन की मांग की गई है तथा आवंटन प्राप्त होते ही 48 घंटे के भीतर सभी वाहन व्यवसायियों के खाते में बकाया राशि भेज दी जाएगी। संघ के महासचिव संजीव कुमार सुमन ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि विधानसभा चुनाव में कार्यरत कुल 4452 वाहनों में से मात्र 365 वाहनों का ही अब तक भुगतान हो सका है, जबकि चुनाव को छह माह बीत चुके हैं।

उन्होंने कहा कि अब संघ पूरी तरह आंदोलन के मूड में है और जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी। मौके पर संघ के उपाध्यक्ष विशाल गौरव, बिंदु राय, अशोक राय, उमेश राय, विनय सिंह, संतोष शाह, ललन राय, सत्यम कुमार, रामकृष्ण, संजय माथा, अमितेश कुमार, मनोज कुमार, रिंकू सिंह, मिथलेश यादव, वाल्मीकि राय सहित सैकड़ों वाहन व्यवसायी मौजूद रहे।










