होली मिशन हाई स्कूल में बाल पहलवानों की कलाबाजियों ने मोहा मन, बच्चों में दिखा उत्साह

मिथिला पब्लिक न्यूज, समस्तीपुर ;

शहर के मोहनपुर स्थित होली मिशन हाई स्कूल में बुधवार को बाल पहलवानों की कुश्ती प्रतियोगिता एवं पारंपरिक अखाड़ा प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाल पहलवानों ने अपने दमदार दांव-पेंच और रोमांचक कलाबाजियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय की सह-संस्थापिका विभा देवी, महिला कल्याण समिति की सचिव नीना श्रीवास्तव, समाजसेविका माधुरी श्रीवास्तव, विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. धर्मांश रंजन, वरिष्ठ अधिवक्ता सरोज कुमार सिन्हा एवं पूर्व जिला पार्षद शिवशंकर राय ने संयुक्त रूप से अखाड़े का उद्घाटन कर किया।

कार्यक्रम में आजमगढ़ से आए बाल पहलवानों की आठ जोड़ियों ने तीन-तीन दौर में अपनी कुश्ती कला और हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया। तन्नु यादव, सृष्टि यादव, काजल, शिवांगी यादव, गौरी प्रजापति, कंचन, रुबी राजभर, अनुष्का यादव, अंशिका, हिमांशु यादव, जॉनी चौपाल, कृष्णा, गौरव चौहान, सौरभ चौहान, अनुराग यादव, अभिषेक यादव एवं अमन यादव ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।

विजयी जोड़ियों को विद्यालय के प्रधानाचार्य गंगा नारायण झा, पूर्व प्राचार्य डॉ. एस.के. अहमद, के.के. उपाध्याय, डी.एन. मिश्रा, के.के. वर्मा, मनीषा झा एवं निभा कुमारी सहित अन्य शिक्षकों ने नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

खेल अकादमी के प्रशिक्षक अमरजीत कुमार यादव ने बताया कि पारंपरिक अखाड़े का निर्माण विशेष विधि से किया जाता है। इसमें सरसों तेल, हल्दी और घी मिलाया जाता है, जिससे पहलवानों को चोट लगने की संभावना कम रहती है। उन्होंने अखाड़े को पहलवानों का देवस्थान बताया। समापन समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता सरोज कुमार सिन्हा ने बिहार की गौरवशाली कुश्ती परंपरा का उल्लेख करते हुए छात्रों को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं डॉ. धर्मांश रंजन ने सभी पहलवानों, प्रशिक्षकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए छात्रों से खेलों में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

Leave a Comment

Read More

error: Content is protected !!