डीजल मूल्य वृद्धि के बाद बस किराए में बढ़ोतरी, 8 जून से लागू होगी नई दरें

मिथिला पब्लिक न्यूज, समस्तीपुर।

डीजल के मूल्य में हुई अप्रत्याशित वृद्धि का असर अब दिखने लगा है। जिला मोटर व्यवसायी संघ ने अब बस भाड़ा बढ़ाने का निर्णय लिया है। यात्री भाड़ा पुनर्निर्धारण को लेकर बुधवार को जिला मोटर व्यवसायी संघ, समस्तीपुर के बैनर तले संघ कार्यालय में बस मालिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने की। बैठक में परिवहन विभाग के निर्देशों और वर्तमान परिस्थितियों की समीक्षा के बाद जिले से संचालित एवं गुजरने वाले विभिन्न प्रमुख मार्गों के लिए नए यात्री भाड़े का निर्धारण किया गया। सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के अनुसार नई दरें 08 जून 2026 से प्रभावी होंगी।

संघ अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि लगातार बढ़ती डीजल कीमतों एवं परिचालन खर्च में वृद्धि के कारण यात्री भाड़े में संशोधन आवश्यक हो गया था। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

नए निर्धारित भाड़े के अनुसार समस्तीपुर से पटना 180 रुपये, हाजीपुर 160 रुपये, मुजफ्फरपुर 140 रुपये, बेगूसराय 150 रुपये, मोहिउद्दीननगर 110 रुपये, रोसड़ा 70 रुपये, दलसिंहसराय 70 रुपये, पटोरी 80 रुपये, महुआ 120 रुपये, पूसा 50 रुपये तथा जंदाहा 100 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा रोसड़ा से पटना 280 रुपये, दलसिंहसराय से पटना 200 रुपये, हसनपुर से पटना 320 रुपये, रोसड़ा से दलसिंहसराय 60 रुपये तथा ताजपुर से पटना 140 रुपये सहित अन्य सभी प्रमुख मार्गों का भी नया यात्री भाड़ा तय कर दिया गया है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्थानीय स्तर पर ट्रकों के माल भाड़े का पुनर्निर्धारण भी जल्द ही ट्रक मालिकों की बैठक बुलाकर किया जाएगा। बैठक में संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, महासचिव मनोज कुमार सिंह, उपाध्यक्ष बिंदु राय, अरुण राय, सुनील राय, अशोक राय, रामकृष्ण राय, उमेश राय, रिंकू सिंह, कामेश्वर महतो, विनय कुमार सिंह, कम्मल राय, कुंदन कुमार, मोहम्मद शकूर सहित कई बस मालिक एवं व्यवसायी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More

error: Content is protected !!