


मिथिला पब्लिक न्यूज, समस्तीपुर ।
समस्तीपुर के ताजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में लड़की को भगा ले जाने से नाराज परिजनों ने जमकर बबाल काटा है। इस दौरान जहां आरोपी लड़के (कथित प्रेमी) के घर में घुसकर उसके परिजनों के साथ लोगों ने मारपीट की, वहीं उसके घर में जमकर तोड़फोड़ भी।

बताया जाता है कि इससे भी जब लड़की के घर वालों का गुस्सा ठंडा नहीं हुआ तो लड़के के घर के सारे सामान को एक जगह इकट्ठा कर उसमें आग लगा दिया। जिससे लाखों रुपए मूल्य का फर्नीचर, बाइक, साइकिल, कपड़े आदि पूरी तरह से नष्ट हो गये। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटना की छानबीन में जुट गयी है।

घटना को लेकर बताया जाता है कि ताजपुर थाना क्षेत्र के मोरवा दक्षिणी पंचायत के एक गांव से प्रेम प्रसंग में एक लड़का और लड़की घर से फरार हो गये थे। शुक्रवार की रात लड़की के परिजन आशंका पर लड़के के घर पर पहुंचे तो लड़का भी गायब मिला। इसके बाद उनकी शंका विश्वास में बदल गई। इसके बाद लड़की के परिजनों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। काफी संख्या में पहुंचे लड़की पक्ष के लोगों लड़के के घर पर हमला कर दिया।

उसके परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह लड़के के परिजनों ने घर से भाग कर अपनी जान बचायी। लड़की पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। घर में रखे सारे सामान को तोड़ दिया। पलंग, कुर्सी, टेबल, बक्सा, ट्रंक, बाइक, साइकिल, बर्तन आदि सारा सामान तोड़ दिया।

घर में रखे अनाज, किचेन के बर्तन तक निकाल कर फेंक दिए। इसके बाद भी गुस्सा शांत नहीं हुआ तो सभी सामान को घर से निकाल कर उसमें आग लगा दी। स्थानीय पुलिस घटना की जांच में जुटी है। समाचार लिखे जाने तक प्रेमीयुगल की बरामदगी नहीं हुई थी।














