समस्तीपुर में दरवाजे पर सो रहे अधेड़ की गोली मारकर हत्या


मिथिला पब्लिक न्यूज़, कमलेश झा
  समस्तीपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर चौथ गांव में दरवाजे पर सो रहे एक अधेड़ की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी है।

घटना शुक्रवार के अहले सुबह की बताई जा रही है। मृत अधेड़ जितवारपुर चौथ के वार्ड संख्या 17 निवासी हरिश्चन्द्र राय (50) बताये जाते हैं। उनके सिर में गोली मारी गयी है। घटना की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस छानबीन में जुटी है। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा भी बरामद किया है।

मृतक के परिजनों के अनुसार वे हमेशा घर के दरवाजे पर सोते थे। ताकि गाड़ी एवं अन्य संपत्ति की सुरक्षा हो सके। गुरुवार की रात करीब 12 बजे तक सारा कुछ सामान्य था। 12 बजे उनकी बहू ने उन्हें पीने के लिए पानी भी पहुंचाया था। सुबह जब घर के लोग उठे तो उन्हें देर तक सोते हुए देखकर उठाने के लिए पहुंचे।

तब महिलाओं ने देखा कि उनके सिर से खून निकला हुआ है। सिर में कनपटी के तरफ गोली लगी हुई थी। इसके बाद घर में हाहाकार मच गया। घर के लोग रोने-पीटने लगे। शोर शराबा सुनकर आसपास के काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गयी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक पिंकी प्रसाद दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच छानबीन में जुट गई हैं। पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिजनों की मानें तो एक दो दिन से कुछ युवक घर के पास मंडरा रहे थे। दो दिन पहले अपाचे बाइक से दो युवक उनके दरवाजे पर भी आया था। परिजनों को आशंका है कि उन्हीं बदमाशों ने रात में घटना को अंजाम दिया है। समाचार लिखे जाने तक घटना की प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी गयी थी। पुलिस शव को जब्त कर उसका पंचनामा तैयार करने में जुटी है।


  जिले में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से ऐसा लग रहा है कि जैसे समस्तीपुर में बदमाशों के बीच पुलिस खौफ खत्म हो गया है। अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर चला गया है। जिले में पिछले कुछ दिनों में अपराध का ग्राफ काफी बढ़ा है। पुलिस एक घटना को सुलझा भी नहीं पाती कि इसी दौरान बदमाश दूसरी बड़ी घटना को अंजाम देकर पुलिस के समक्ष चुनौती खड़ा कर देते हैं।

Leave a Comment

Read More

error: Content is protected !!