


मिथिला पब्लिक न्यूज, समस्तीपुर ।
समस्तीपुर पुलिस ने जिले के एक कुख्यात अपराधी राजतिलक को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उस पर 25 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। वह जिले के टॉप 20 अपराधियों के लिस्ट में शामिल था। जिले के घटहो एवं हलइ थाना पुलिस की टीम ने इसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गुरुवार को दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पकड़ा गया कुख्यात अपराधी राजतिलक घटहो थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी प्रेमनाथ सहनी का पुत्र है। उसे महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिला के कर्नाटका बॉर्डर स्थित श्री अथर्व इन्डस्ट्रीज सिंगोली के पास से गिरफ्तार किया गया है। यह घटहो, उजियारपुर एवं हलई थाना के कई कांडों में फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार राजतिलक पर लूट, आर्म्स एक्ट एवं हथियार के साथ अपराध की योजना बनाने आदि का मामला दर्ज है। पुलिस के द्वारा इसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की कार्रवाई की जा रही थी, लेकिन वह महाराष्ट्र में जाकर छिपा हुआ था। 17 मार्च को राजतिलक को महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिला से गिरफ्तार कर लिया गया। इस कुख्यात को गिरफ्तार करने वाली टीम में घटहो थाना के परिपुअनि धर्मेन्द्र कुमार, हलइ थाना के परिपुअनि अभिजित कुमार सतीश, मोहनपुर थाना के सिपाही कुन्दन कुमार एवं घटहो थाना के अर्जुन साजन शामिल थे।

















