समस्तीपुर में अलग-अलग जगहों पर नदी में मिला दो युवकों का शव, हत्या की आशंका, सनसनी

रोसड़ा थाना क्षेत्र में नदी में उपलता शव


मिथिला पब्लिक न्यूज, समस्तीपुर ।
समस्तीपुर से गुजरने वाली बूढ़ी गंडक एवं मृत बागमती नदी में अलग-अलग जगहों दो युवकों का शव मिला है। नदी में शव मिलने की सूचना से सनसनी फैल गयी है। एक युवक का शव कल्याणपुर थाना क्षेत्र में और दूसरे का शव रोसड़ा थाना क्षेत्र में मिला है। लोग हत्या कर शव को फेंक देने की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। शवों की पहचान नहीं हो पायी है। स्थानीय पुलिस दोनों शव की पहचान में जुटी हुई है।


पहला शव कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रमोली गांव में बूढ़ी गंडक नदी के बांध किनारे से मिला है। मृत युवक का उम्र करीब 30 वर्ष बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के निशान नहीं पाए गए हैं। मृतक के शरीर को देखने से विछिप्त सा प्रतीत होता है। उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


दूसरा शव शनिवार की दोपहर रोसड़ा एवं खानपुर थाना क्षेत्र के बॉर्डर से गुजरने वाली मृत बागमती नदी में धाईध विशनपुर गांव के पास मिला है। नदी में जलकुंभी के बीच पानी में उपलाते शव को देखकर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। उधर, शव मिलने की सूचना से आसपास के गांव में सनसनी फैल गयी। काफी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए थे।

पुलिस के पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों ने गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। बताया जाता है कि कुछ लोगों ने मृत युवक की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के मलती गांव के एक लापता युवक के रूप में की। जो 11 मार्च से लापता था। पुलिस के द्वारा सूचना दिए जाने पर उक्त लापता युवक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार पहले तो परिजनों ने उसे पहचान कर लेने की बात कही, लेकिन बाद में उन्होंने उस शव को पहचानने से इनकार कर दिया। बताया जाता है कि मृतक का शव पूरी तरह से फुल चुका है। जिस कारण से उसकी पहचान करने में दिक्कत हो रही है। उजियारपुर से लापता युवक भी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। जिसके लापता होने की शिकायत परिजनों ने थाने में भी दर्ज करा रखी है। रोसड़ा थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Comment

Read More

error: Content is protected !!