


मिथिला पब्लिक न्यूज, समस्तीपुर ।
समस्तीपुर के चकमेहसी थाना क्षेत्र से सनसनीखेज वारदात सामने आ रही है। जहां पत्नी की हत्या के बाद एक पति ने खुद को आग से जला लिया है। उसकी स्थिति नाजुक बतायी जा रही है। उसे पूसा अनुमंडलीय अस्पताल से रेफर किये जाने के बाद पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना की छानबीन में जुट गयी है। महिला की लाश को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। मृत महिला सैदपुर के देवेंद्र साह की 40 वर्षीय पत्नी मीना देवी बतायी जा रही है।

घटना चकमेहसी थाना क्षेत्र के सैदपुर पंचायत के वार्ड 12 की बतायी जाती है। देवेन्द्र ठेला पर चाय नास्ता की दुकान करता था, जबकि उसकी पत्नी घर पर ही किराना की छोटी दुकान संभालती थी। पति और पत्नी के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था, इसकी जानकारी नहीं मिली है। वैसे क्षेत्र में पारिवारिक कलह की चर्चा है।

कयास लगाया जा रहा है कि देवेन्द्र ने रात में ही किसी भारी चीज से पत्नी के सिर पर प्रहार कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। लेकिन इसकी उसने किसी को जानकारी नहीं होने दी। लोगों को घटना की जानकारी सुबह में उस समय हुई जब देवेन्द्र ने अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। आग बुझाने पहुंचे लोगों ने उसकी पत्नी को बिछावन पर मृत देख घटना की सूचना पुलिस को दी।

पुत्र ने बताया कि शनिवार की रात उसके पिता एवं मां खाना खाने के बाद सोने चले गए थे। वह भी दूसरे कमरे में सो रहा था। रात में पिता और मां के बीच क्या हुआ इसकी उसे जानकारी नहीं है। सुबह में उठने के बाद वह अपने कोचिंग चला गया था। कुछ देर के बाद पड़ोस का एक लड़का उसे कोचिंग में आकर घटना की जानकारी दी। घर आने पर देखा कि मां की लाश बिछावन पर पड़ी थी और पिता ने पेट्रोल छिड़ककर शरीर में आग लगा ली थी।

उधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना रात में ही हुई थी। सुबह देवेंद्र ने किसी को घटना के बारे में जानकारी नहीं दी। वह सुबह उठने के बाद ठेला पर दुकान करने चला गया। जहां किसी ने उसके कपड़े पर खून देख पूछा तो वह किसी को कुछ बताए बगैर ही फिर से घर से वापस चला आया। और घर पर आकर शरीर पर पेट्रोल छिड़क आग लगा ली। हल्ला होने पर आसपास के लोग पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई।

उसी दौरान खोज करने पर लोगों ने उसकी पत्नी को बिछावन पर मृत देखा। आग बुझाने के बाद लोगों ने देवेन्द्र को तत्काल इलाज के लिए पूसा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया और घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि देवेंद्र को एक बेटा और एक बेटी है। बेटी की शादी हो चुकी है वह ससुराल में रहती है। जबकि पुत्र इंटर का छात्र है। वह घर पर ही रहता है। घटना की सूचना पर पहुंची चकमेहसी थानाध्यक्ष दिव्यज्योति के नेतृत्व में पुलिस घटना की छानबीन में जुट गयी है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।














