बोलेरो सवार बदमाशों ने नेशनल हाइवे पर की फायरिंग, मांस खरीद रहे किशोर को लगी गोली


मिथिला पब्लिक न्यूज, समस्तीपुर ।
समस्तीपुर में होली के हुड़दंग के बीच नेशनल हाइवे पर बदमाशों का तांडव देखने को मिला है। जहां सोमवार की शाम एनएच 28 पर बोलेरो सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की है। इस घटना में 13 वर्षीय एक किशोर को गोली लग गई है। वह एनएच किनारे पेट्रोल पंप के समीप मुर्गा का मांस खरीद रहा था। जख्मी किशोर को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जख्मी किशोर की पहचान दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के बल्लोचक वार्ड एक के स्व. विनोद राम के पुत्र अमरेश कुमार के रूप में की गई है।


घटना दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के NH-28 पर बल्लोचक पेट्रोल पंप के पास की बतायी जा रही है। बताया जाता है कि बोलेरो समस्तीपुर से बछवाड़ा की ओर जा रही थी। उसमें कुछ युवक सवार थे। जो गाड़ी से फायरिंग करते हुए जा रहे थे। इसी क्रम में बदमाशों की एक गोली पेट्रोल पंप के समीप मुर्गा खरीदने गये किशोर के पैर में जा लगी।

बताया जाता है कि किशोर के बायें पैर को चीरते हुए गोली निकल गयी थी। वहां मौजूद लोगों ने बच्चे को तत्काल इलाज के लिए दलसिंहसराय अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया।


घटना को लेकर जख्मी किशोर के चाचा बैजनाथ राम ने बताया कि वे अपने भतीजा अमरेश के साथ मुर्गा का मिट खरीदने के लिए सड़क किनारे खड़े थे। उसके साथ वहां पर कुछ और लोग भी मौजूद थे। इसी दौरान समस्तीपुर की ओर से आ रही बोलेरो से अचानक गोली चलने लगी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, बोलेरो बछवाड़ा की ओर निकल गया। उधर, घटना की सूचना मिलते ही दलसिंहसराय पुलिस मामले की जांच में जुटी गयी है।

Leave a Comment

Read More

error: Content is protected !!