


मिथिला पब्लिक न्यूज, कमलेश झा ।
समस्तीपुर में सनसनीखेज मामला सामने आ रहा है। जहां गर्भवती पत्नी की हत्या के बाद पति का भी शीशम के पेड़ से लटकता हुआ शव मिला है। उसका शव पत्नी की मौत के करीब चार घंटे बाद दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के बसढिया चौर में रेलवे लाइन के किनारे मिला है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस छानबीन में जुट गयी है। दलसिंहसराय पुलिस शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुट गयी है। शव शीशम के एक पेड़ से लटका हुआ मिला है। शव को देखने से प्रतीत होता है कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

इधर, पत्नी की मौत के मात्र कुछ घंटे बाद ही पति के द्वारा भी आत्महत्या कर लिए जाने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है। लोग घटना को लेकर तरह तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। मृतक सरायरंजन थाना क्षेत्र के बाजिदपुर मेयारी गांव के संजय राय का पुत्र उदन कुमार राय बताया जाता है। जिसकी गर्भवती पत्नी की बुधवार की दोपहर उसके घर में लाश मिली थी।

मृतक के ससुराल वालों का आरोप है कि गर्भ में पल रही बच्ची को मारने से इनकार करने से नाराज पति एवं उसके घरवालों ने उस नवविवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी है। मायके वालों के अनुसार निक्की की शादी करीब दस माह पूर्व 5 मई 2023 को हुई थी। वह कुछ महीनों की गर्भवती थी। बताया जाता है कि पति एवं ससुराल वालों ने तीन दिन पूर्व किसी अस्पताल में ले जाकर उसका अल्ट्रासाउंड कराया था। जहां अल्ट्रासाउंड वालों से उसने किसी तरह गर्भ में पल रहे भ्रूण का लिंग पता कर लिया।

मृतका के भाई हरेंद्र राय का कहना है कि उसके बाद ही ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया। पति एवं ससुराल वाले उसपर गर्भपात कराने का दवाब बनाने लगे। जिसके लिए वह राजी नहीं हो रही थी। इसी को लेकर ससुराल वालों ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

घटना के बाद ससुराल वाले फरार बताए जा रहे थे। थानाध्यक्ष रविकांत कुमार ने बताया कि दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के बसढिया में एक युवक की लाश मिली है। वह मृत महिला का पति उदन राय बताया जा रहा है। फिलहाल पहचान के लिए परिवार से जुड़े ग्रामीण को भेजा गया है। कहा जा रहा है कि उसने फांसी लगा ली है। वैसे पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।














