स्कूल में फंदे से लटका मिला किशोर का शव, हत्या की आशंका, सड़क जाम


मिथिला पब्लिक न्यूज़, समस्तीपुर ।
समस्तीपुर के रोसड़ा अनुमंडल से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां रोसड़ा थाना क्षेत्र के ढटट्ठा गांव में स्कूल में एक किशोर का शव मिला है। शव उक्त स्कूल के बरामदे में खिड़की के रॉड के सहारे लटका हुआ था।

स्कूल में शव मिलने की सूचना से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। शव को देखने एवं उसकी पहचान करने के लिए सैकड़ो की संख्या में लोग स्कूल परिसर में जुट गए थे। मृत किशोर की पहचान शंभू महतो के पुत्र अमोल कुमार के रूप में की गई है। जो शुक्रवार से लापता था।

घटना की सूचना तत्काल स्थानीय थाना को दी गई। इसी बीच मृत किशोर के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। शव को देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। मृत किशोर उसी विद्यालय के दसवीं का छात्र बताया जाता है। लोग किशोर की हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। इसी बीच स्थानीय लोगों की भीड़ किशोर के शव को स्कूल के सामने सड़क पर रखकर रोसड़ा भिरहा मुख्य सड़क को जाम कर दिया है। जिससे उक्त पथ पर आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है। पुलिस लोगों को समझाने में जुटी हुई है।

परिजनों का बताना है कि अमोल शुक्रवार की रात खाना खाकर घर से निकला था। देर रात घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच शनिवार की सुबह लोगों ने उसका शव स्कूल के बरामदे पर एक लाल रंग के गमछे के सहारे लटका हुआ देखा। परिजनों को आशंका है कि अमोल की किसी ने हत्या कर उसके शव को स्कूल के बरामदे में खिड़की के सहारे टांग दिया है। समाचार लिखे जाने तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल पायेगा की यह हत्या है या आत्महत्या।

Leave a Comment

Read More

error: Content is protected !!