आत्महत्या करने के लिए मगरदहीघाट पुल से नदी में कूदी महिला, लोगों ने बचायी जान


मिथिला पब्लिक न्यूज, समस्तीपुर ।
मथुरापुरघाट स्थित बूढ़ी गंडक नदी के पुल से सोमवार की शाम एक विवाहित महिला ने आत्महत्या करने के लिए छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने जब महिला को डूबते देखा तो शोर मचाया। अचानक हुई इस घटना से पुल पर अफरातफरी मच गयी।

हल्ला सुनकर नदी किनारे रहने वाले नाविक एवं स्थानीय लोगों ने नदी में उतर कर किसी तरह डूब रही महिला को खींचकर नदी से बाहर निकाला। जबतक वे पानी से बाहर निकलते तबतक घटनास्थल पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गयी थी। लोगों ने घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दी।

इसके बाद स्थानीय युवकों की मदद से महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। महिला की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है। समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो पायी थी। महिला के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच मामले की पड़ताल में जुट गई है। महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Comment

Read More

error: Content is protected !!