


मिथिला पब्लिक न्यूज, कमलेश झा ।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सरकार के कार्यों को गिनाते हुए कहा कि देश के साथ-साथ अपना बिहार भी विकसित हुआ है। हमलोगों ने विकास के इस दौर में बहुत कुछ किया है और आगे भी करेंगे। आप किसी के बहकावे में नहीं आइए, विकास को देखकर एक बार फिर से NDA को चुनिए। कुछ लोग समाज में विद्वेष फैलाकर राज करने की कोशिश में लगे हैं। 2005 से पहले के बिहार को याद कीजिये जब स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, सड़क, बिजली और पानी नहीं था। उस दौर में महिलाएं डर से घर से बाहर नहीं निकलती थी, आज जीविका दीदी बनकर अपने एवं अपनों के जीवन को संवार रही है।

नीतीश कुमार शनिवार को समस्तीपुर के विभूतिपुर विधानसभा क्षेत्र के नरहन हाई स्कूल परिसर में आयोजित चुनावी जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र से NDA प्रत्याशी नित्यानंद राय के लिए विभूतिपुर जनता से वोट मांगी। उन्होंने लालू यादव का बिना नाम लिये ही कहा कि कुछ लोग बस अपने परिवार को बढ़ाने में लगे हुए हैं और बीजेपी और हम देश को बढ़ाने में। नीतीश कुमार ने कहा कि विपक्ष हिंदू-मुस्लिम हिन्दू-मुस्लिम कह कर अपनी रोटी सेंक रहा है। ताकि मुस्लिम वोट उसे मिल जाय। हमने कब्रिस्तान की घेराबंदी की। मदरसों को सरकारी मान्यता दी। उसने क्या किया जो उसको वोट दीजिएगा? काम हम लोग करते हैं। 15 वर्षों में जो हुआ है, वह आप भी जानते हैं। जात-पात के आधार पर नहीं काम के आधार पर वोट कीजिये। मुख्यमंत्री ने मुस्लिमों और माइनॉरिटी के लोगों से कहा कि आपलोगों के लिए जो कुछ भी किया हमलोगों ने ही किया। अगर आपलोग हमें को छोड़कर उस सब को वोट करिएगा तो फिर वह आपलोग को नाश कर देगा।

नीतीश कुमार ने कहा कि पहले भी उनकी सरकार ने आठ लाख सरकारी नौकरी दी है। शुरू से न्याय के साथ विकास कर रहे हैं। यही कारण है कि पंचायत और नगर निकाय में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया गया। लड़कियों की पढ़ाई की व्यवस्था सुनिश्चित की। पहले लड़कियों को स्कूल जाने के लिए सायकिल दिया। उसके बाद लड़कों को भी। उन्होंने बिहार की सभी 40 सीटों पर NDA गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। भीड़ से हाथ उठाकर स्थानीय प्रत्याशी नित्यानंद राय को भरपूर समर्थन देने का भरोसा लिया।

उधर, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सभास्थल पर दर्शक दीर्घा में खड़े कुछ युवकों ने जमकर शोरशराबा किया। रह रह कर वे प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के विरोध में लिखे हुए पोस्टर-बैनर लहराते रहे। युवकों के द्वारा अग्निवीर, बीपीएससी पेपर लीक, महंगाई आदि को लेकर पोस्टर-बैनर दिखाया जा रहा था। हालांकि बाद में सुरक्षाबलों ने बैनर-पोस्टर को हटवा दिया।

मुख्यमंत्री से पूर्व सभा को मंत्री विजय चौधरी, राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर, स्थानीय प्रत्याशी नित्यानंद राय, विधान पार्षद तरुण कुमार चौधरी, जदयू जिलाध्यक्ष डॉ दुर्गेश राय, भाजपा जिलाध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, गुंजन मिश्रा, मनोज कुमार, राम बहादुर सिंह, अंनत कुशवाहा, शिवजी प्रसाद, केदार चौधरी, तरुण सिंह, अमित कुमार, वीरेंद्र कुमार राय आदि ने भी सम्बोधित किया। जनसभा की अध्यक्षता जदयू के प्रखंड अध्यक्ष अशोक पटेल एवं संचालन अरविंद कुशवाहा ने किया।















