


मिथिला पब्लिक न्यूज, कमलेश झा ।
समस्तीपुर के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र से पारिवारिक विवाद की बड़ी घटना सामने आ रही है। जहां मायके में रह रही एक विवाहिता ने पति से झगड़ा होने पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मायके वालों ने विवाहिता के पति को इस घटना का जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।

घटना मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर की बतायी जा रही है। विवाहिता वारिसनगर थाना क्षेत्र के रहुआ गांव निवासी अनिल कुमार की पत्नी राखी कुमारी (22) बतायी जाती है। गंगापुर में उसका मायके था। जहां मंगलवार की रात उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

बताया जाता है कि राखी कुछ दिनों से मायके में ही रह रही थी। जहां मंगलवार को उसका पति भी आया हुआ था। घटना के संबंध में बताया जाता है कि पति को पत्नी पर विश्वास नहीं था। उसे आशंका था कि उसकी पत्नी का किसी के साथ अफेयर चल रहा है। मंगलवार की रात दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहा जा रहा है अनबन के बाद पत्नी कमरे से बाहर निकलकर बथान में चली गई। जहां उसने रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।

कुछ देर तक पत्नी के नहीं लौटने पर पति भी कमरे से निकलकर बथान की ओर पहुंचा। जहां देखा की उसकी पत्नी रस्सी से झुल रही थी। इसके बाद उसने शोर मचाया। जबतक लोग उसे रस्सी के फंदे को खोलकर नीचे उतारते तब-तक उसकी मौत हो चुकी थी।

विवाहिता के मायके वालों ने इस घटना का जिम्मेदार मानते हुए पति की जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना पर पहुंचे स्थानीय जिला पार्षद अशोक अंजाना ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत विवाहिता के पति को कब्जे में ले लिया है। वहीं विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष फैजुल अंसारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद मायके वालों को सौंप दिया गया है। आवेदन प्राप्त होने पर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।














