


मिथिला पब्लिक न्यूज, कमलेश झा ।
समस्तीपुर में एक अधेड़ महिला की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गयी है। कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के सिंघिया खुर्द गांव के आठ नम्बर वार्ड से यह सनसनीखेज घटना सामने आ रही है। मृत महिला की पहचान गांव के ही बैधनाथ पासवान की पत्नी फुलो देवी के रूप में की गयी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस छानबीन में जुट गई है। समस्तीपुर के एएसपी सह सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय खुद इस घटना के अनुसंधान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

घटना को लेकर बताया जाता है कि गांव में महिला का दो घर है। एक घर में उसकी सास रहती है, दूसरे घर में वह खुद रह रही थी। शनिवार की रात खाना खाने के बाद वह अपने घर में सोने चली गई थी। सुबह जब उसकी पुत्री उसे नींद से जगाने पहुंची तो उसे घर में लहूलुहान स्थिति में मृत पाया। पुत्री के शोर-मचाने के बाद आसपास के लोग दौड़ कर पहुंचे। इसके बाद घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।

कयास लगाया जा रहा है कि अज्ञात अपराधियों ने शनिवार की रात में घटना को अंजाम दिया है। घटना के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। उसके पति और पुत्र बाहर रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। घटना की रात दोनों ही घर पर नहीं थे।

घटना की सूचना मिलते ही समस्तीपुर एएसपी संजय कुमार पांडेय स्वयं छानबीन में जुट गए हैं। उन्होंने बताया कि घटना से जुड़े सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार को भी बरामद कर लिया गया है। शीघ्र ही हत्यारों को गिरफ्तार कर पुलिस घटना का खुलासा करेगी।















