समस्तीपुर में पंचायत के दौरान फायरिंग, बाल-बाल बचे लोग, सरकारी जमीन पर मिट्टी कटाई को लेकर हुआ था विवाद

घटनास्थल पर छानबीन करती पुलिस


मिथिला पब्लिक न्यूज, कमलेश झा ।

समस्तीपुर में पंचायत के दौरान फायरिंग किये जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वैसे तो इस घटना में लोग बाल-बाल बच गये हैं, लेकिन घटना के बाद से दोनों पक्ष में तनाव की स्थिति बनी हुई है। घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मूसेपुर वार्ड आठ में हुई है। सूचना पर पहुंची कल्याणपुर एवं मथुरापुर थाने की पुलिस छानबीन में जुटी है।

बताया जाता है कि दो दिन पूर्व बूढ़ी गंडक नदी के मूसेपुर ढाब में सरकारी जमीन पर मिट्टी कटाई एवं आपसी वर्चस्व को लेकर विवाद हुआ था। जिसको लेकर मंगलवार को दोनों पक्ष के बीच पंचायत चल रही थी। पंचायत में गाली गलौज को लेकर लोग आक्रोशित हो गए। भीड़ में फंसता देख एक पक्ष के युवक ने पिस्टल निकाल लिया। लोगों ने उसे पकड़ना चाहा तो उसने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग होते ही पंचायत में भगदड़ मच गयी। जिसके बाद आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गया।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मूसेपुर ढाब में इन दिनों अवैध रूप से मिट्टी कटाई का कार्य चल रहा है। इसको लेकर 26 मई को दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। जिसमें पहले रामजपित राय के पुत्र रौशन कुमार के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद दूसरे पक्ष पर भी हमला हुआ था। लोगों का कहना था कि इस घटना की सूचना दिए जाने के बाद भी कल्याणपुर थाना की पुलिस दो दिनों तक घटनास्थल पर नहीं पहुंची। पुलिस के अनदेखी के कारण तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था।

जिसके बाद स्थानीय स्तर पर लोगों ने इस मामले को सलटाने का प्रयास शुरू किया। मंगलवार को पंचायत बुलायी गई। पंच दोनों पक्षों की बात सुन रहे थे। एक पक्ष से रौशन कुमार, जितेंद्र कुमार एवं उसके परिवार के लोग थे। जबकि दुसरे पक्ष से नीतीश कुमार उर्फ भुट्टा एवं अविनाश कुमार आदि थे। इसी बीच दूसरे पक्ष के अविनाश कुमार ने अपनी मां के साथ हुई मारपीट के मुद्दे को लेकर गाली गलौज शुरू कर दी। जिससे एक पक्ष के लोग आक्रोशित होकर अविनाश एवं नीतीश को पकड़ना चाहा। जिस पर पंचायत से निकलकर नीतीश उर्फ भुट्टा ने फायरिंग शुरू कर दी। बताया जाता है कि तीन फायरिंग करते हुए वे पंचायत से भाग खड़े हुए।

एक बार फिर घटना की सूचना कल्याणपुर थाना को दी गयी, लेकिन काफी देर बाद भी जब कल्याणपुर पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची तो लोगों ने मथुरापुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही मथुरापुर थानाध्यक्ष दलबल के साथ-साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जंगल में गोली के खोखा को भी खोजने का प्रयास किया, लेकिन खोखा नहीं मिला।

बाद में कल्याणपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची। कल्याणपुर थाना पुलिस के विलंब से घटनास्थल पर पहुंचने को लेकर लोगों ने विरोध भी जताया।पुलिस पदाधिकारी ने चुनाव में व्यस्तता रहने का हवाला देकर लोगों को शांत किया, इसके बाद घटनास्थल पर मौजूद एक पक्ष के लोगों से घटना की जानकारी लेने के बाद छानबीन शुरू की।

Leave a Comment

Read More

error: Content is protected !!