समस्तीपुर के हथौड़ी थाना क्षेत्र में युवक की हत्या, शीशम के पेड़ से लटका मिला शव, छानबीन में जुटी पुलिस


मिथिला पब्लिक न्यूज, समस्तीपुर :

समस्तीपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां हथौड़ी थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर दी गई है। युवक का शव बुधवार की अहले सुबह बल्लीपुर कोल्ड स्टोर के पीछे शीशम के पेड़ से लटका हुआ मिला है। मृत युवक की पहचान बंधार पंचायत के परशुराम गांव निवासी शीतल दास के 22 वर्षीय पुत्र लक्ष्मण कुमार दास के रूप में की गई है। स्थानीय पुलिस शव को जब्त कर घटना की छानबीन में जुटी है।

घटना को लेकर बताया जाता है कि मंगलवार की शाम करीब 5:00 बजे लक्ष्मण घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं आया था। परिजन उसकी तलाश में लगे हुए थे। इसी बीच बुधवार की सुबह बल्लीपुर कोल्ड स्टोर के पीछे एक पेड़ से लटका हुआ उसका शव लोगों ने देखा। इसके बाद घटना की सूचना परिजनों के साथ साथ पुलिस को भी दी गयी।


लक्ष्मण का शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया है। घर के लोग भागे भागे घटनास्थल पर पहुंचे। बताया जाता है कि लक्ष्मण छह भाइयों में चौथे स्थान पर था। गांव में रहकर मेहनत मजदूरी करता था। शव को देखने के लिए घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई थी। कहा जा रहा है कि मृतक के पीठ पर मारपीट के निशान भी मिले हैं। जिससे कयास लगाया जा रहा है उसकी हत्या करके शव को पेड़ से लटका दिया गया है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही हथौड़ी थानाध्यक्ष मोनू राय घटनास्थल पर पहुंच गये। शव को जब्तकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पायेगा। चर्चा यह भी है कि कुछ दिन पूर्व लक्ष्मण जेल से छूट कर आया था। वह शराब पीने के मामले में जेल गया था। लक्ष्मण के लिए आज उसके परिवार वाले लड़की देखने के लिए वाले थे, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत आ गयी।

Leave a Comment

Read More

error: Content is protected !!