

मिथिला पब्लिक न्यूज, समस्तीपुर ।
समस्तीपुर के सरायरंजन थाना क्षेत्र के हरिपुर बरहेता स्थित ससुराल में विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से ससुराल वाले फरार हो गए हैं। मायके वालों की सूचना पर स्थानीय पुलिस ने लाश को जब्त कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है। मायके के लोग गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं।

मृत विवाहिता हरिपुर बरहेता गांव के ही राम भरोस राय के पुत्र सचिन कुमार राय की पत्नी प्रियंका कुमारी (28) बतायी जाती है। घटना बुधवार की दोपहर हुई है। पुलिस ने विवाहिता की लाश को उसके ससुराल से बरामद किया है। लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया है।

घटना के संबंध में मृतका के पिता वैनी थाना क्षेत्र के चंदौली गांव निवासी राम नरेश राय ने बताया कि उन्होंने करीब 7 वर्ष पूर्व अपनी पुत्री प्रियंका की शादी की थी। उसे एक पुत्र भी हुआ, लेकिन शुरू से ही दामाद का उनकी पुत्री के साथ अच्छा संबंध नहीं था। वह अक्सर उनकी पुत्री के साथ मारपीट करता रहता था। बुधवार की दोपहर दामाद एवं उसके घर वालों ने उनकी पुत्री की गला दबाकर हत्या कर दी और फरार हो गए।

ग्रामीणों की सूचना पर जब वे बेटी की ससुराल पहुंचे तो वह मृत अवस्था में अपने बिस्तर पर पड़ी थी। घर के सभी लोग फरार थे। इधर घटना को लेकर सरायरंजन थानाध्यक्ष रविकांत कुमार ने बताया कि विवाहिता की लाश को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मृतका के शरीर पर चोट के कोई निशान मौजूद नहीं थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। वैसे समाचार लिखे जाने तक घटना की प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी।
















