

मिथिला पब्लिक न्यूज, समस्तीपुर ।
समस्तीपुर में गुरुवार को वट सावित्री की पूजा कर सुहागिन महिलाओं ने पति के लंबी उम्र के लिए प्रार्थना की। सुहागिन महिलाओं ने वट वृक्ष के नीचे वट सावित्री व्रत की विधि विधान से पूजा की और भगवान से अपने पति की लंबी उम्र की कामना की। समस्तीपुर में लगभग सभी गांव में आज दिन भर वट वृक्ष के नीचे सुहागिनों की भीड़ लगी रही।

वट सावित्री की पूजा अहले सुबह ही शुरू हो गयी थी। सुहागिन महिलाएं सोलह श्रृंगार कर वट वृक्ष के नीचे पूजा करने के लिए पहुंची थी। खासकर नवविवाहिताओं ने बड़ी उत्साह के साथ सावित्री व्रत की पूजा की। ऐसा माना जाता है कि पवित्र बरगद पेड़ के नीचे पूजा करने से सुहागिनों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

पौराणिक मान्यता के अनुसार जिस तरह सावित्री ने अपने समर्पण से अपने पति सत्यवान को यमराज से वापस मांग ली थीं, उसी तरह इस व्रत को रखने वाली महिलाओं को सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद प्राप्त होता है।













