


मिथिला पब्लिक न्यूज, समस्तीपुर ।
समस्तीपुर के शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के रहियार गांव में एक युवक के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। उसका शव एक बगीचे में आम के पेड़ से लटका हुआ मिला है। उसका शव साड़ी के फंदे से झूल रहा था। मृत युवक की पहचान दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के परसरमा निवासी स्व जगदीश चौधरी के पुत्र सनी चौधरी के रूप में की गई है। जो शिवाजीनगर के रहियार स्थित अपने ननिहाल आया हुआ था।

मृत युवक के भाई संजय चौधरी एवं मामा बलदेव सहनी के अनुसार माता पिता के मौत के बाद वह ननिहाल में ही रहता था। 6 महीने पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद वह रोजगार के लिए उड़ीसा चला गया था। करीब 20 दिन पूर्व ही वह उड़ीसा से लौटा था। मंगलवार की सुबह कामेश्वर चौधरी के बगीचा में आम के एक पेड़ से लटका हुआ उसका शव मिला।
शव मिलने की सूचना कुछ ही पल में जंगल में आग की तरह फैल गई। मुखिया अशर्फी सहनी, सरपंच महेश्वर प्रसाद सहित काफी संख्या में आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही शिवाजीनगर थानाध्यक्ष छोटेलाल सिंह अपर थानाध्यक्ष हंसराज राम एवं प्रशिक्षु एसआई शंकर कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को जप्त कर छानबीन शुरू की। इसके बाद शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आशंका जताई जा रही है कि ससुराल में पत्नी से विवाद होने के कारण शायद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। हालांकि किसी ने उसे फांसी लगाते या बगीचे की तरफ जाते हुए नहीं देखा है। जिससे मामला कुछ संदेहास्पद भी प्रतीत हो रहा है। पेड़ से युवक का लटका हुआ शव देखने के बाद लोगों ने परिजनों के साथ साथ पुलिस को सूचना दी थी। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की छानबीन में जुटी है।

















