ससुराल से घर लौट रहे युवक ने रास्ते में ही लगा ली फांसी, आम के पेड़ से झूलता मिला शव


मिथिला पब्लिक न्यूज, कमलेश झा ।
समस्तीपुर से एक बार फिर आत्महत्या की बड़ी खबर सामने आ रही है। ससुराल से घर लौट रहे एक युवक ने रास्ते में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। रविवार की सुबह आम के पेड़ से प्लास्टिक के रस्सी के सहारे झूलता हुआ उसका शव मिला है। घटना रोसड़ा थाना क्षेत्र के बनडीहा गांव की बतायी जा रही है। मृत युवक की पहचान स्व सुरेंद्र मंडल के पुत्र रोशन कुमार के रूप में की गई है।


घटना की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों के साथ साथ काफी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। मुखिया विनोद पासवान, उप मुखिया सह बीजेपी युवा अध्यक्ष शिवाजीनगर संतोष कुमार, राम स्वार्थ सिंह, रणवीर सिंह, संजय कुमार, राज कुमार सदा आदि ने रोसड़ा पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर शव को जब्त किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

स्थानीय लोगों की मानें तो युवक के पिता का पूर्व में ही देहांत हो चुका है। दो वर्ष पूर्व दरभंगा की एक लड़की से उसकी शादी हुई थी, लेकिन दोनों के रिश्ते कुछ ठीक नहीं चल रहे थे। युवक मुजफ्फरपुर में काम करता था। जहां से बराबर उसका ससुराल आना-जाना होता था। आज सुबह भी वह ससुराल से ही गांव आ रहा था, लेकिन उसने अपनी बाइक व मोबाइल ससुराल में ही छोड़ दी थी। चौक पर कुछ ग्रामीणों ने उसे पैदल आते हुए भी देखा था। लेकिन वह घर जाने के बजाय बगीचे में जाकर आत्महत्या कर लिया

रोसडा़ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मंडल ने बताया कि रानीपरती पंचायत के बनडीहा गांव के युवक द्वारा फांसी लगा लिए जाने की सूचना मिली। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना का सही पता चल पाएगा। अभी परिजनों के द्वारा किसी प्रकार का कोई आवेदन नहीं दिया गया है।

Leave a Comment

Read More

error: Content is protected !!