


मिथिला पब्लिक न्यूज, कमलेश झा ।
रोसड़ा थाना क्षेत्र के भिरहा पूर्व गांव में एक राजमिस्त्री के पुत्र का शव लीची के पेड़ से लटकता हुआ मिला है। वह रविवार की रात नाच देखने के लिए घर से निकला था। सोमवार की सुबह शव मिलने की सूचना से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गयी। काफी संख्या में शव को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर पहुंच गयी। परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजन हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। मृत युवक भिरहा पूर्व पंचायत के वार्ड संख्या 12 निवासी पप्पू दास का पुत्र कन्हैया कुमार बताया जाता है। परिजन एवं ग्रामीणों ने रोसड़ा सिंघिया पथ पर हनुमान नगर चौक के समीप सड़क जाम कर दिया है। वे हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

सोमवार की सुबह जब कुछ महिलाएं शौच के लिए गयी तो देखा लीची के पेड़ से एक युवक का शव लटक रहा है। लाश को देख महिलाएं गांव आकर लोगों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया लालटून पासवान समेत गांव के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। शव की पहचान होने पर मृतक के परिजन भी पहुंचे। परिजनों के पहुंचने पर कोहराम मच गया। परिजनों का रोरोकर बुरा हाल था। पिता का कहना था कि उसका बेटा नाच देखने के लिए शाम में निकला था।

बताया जाता है कि नाग पंचमी मेला पुरानी भिरहा में लगता है। जहां कई दिनों तक नाच का प्रोग्राम होते रहता है। कोई ठोस व्यवस्था नहीं रहने के कारण हर साल कोई ना कोई घटना होती ही रहती है। बताते हैं कि एक बार गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से गीता राम के पुत्र राजा बाबू राम का दोनों पैर कट कर अलग हो गया था। कई लोग भी बुरी तरह से घायल हो गए थे। एक बार नाच देखने के क्रम में एक बच्चे की बस से कुचलकर मौत हो गई थी। घटना की सूचना पर पहुंची रोसड़ा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दी है। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।















