


मिथिला पब्लिक न्यूज, कमलेश झा ।
समस्तीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां बाघोपुर गांव से पुलिस ने हथियार के साथ कई बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों के चंगुल से पुलिस ने कुछ लड़कियों को भी मुक्त कराया है। जिन्हें बदमाशों ने कई दिनों से बंधक बना रखा था। बदमाशों के चंगुल से मुक्त करायी गयी लड़कियां स्टेज प्रोग्राम करने वाली नर्तकियां बतायी जाती हैं।

यह कार्रवाई बुधवार की देर शाम की बतायी जा रही है। जानकार सूत्रों के अनुसार बाघोपुर गांव के आसपास के बदमाशों के एक ग्रुप ने कुछ नर्तकियों को बंधक बनाकर रख लिया था। सभी बदमाश हथियार से लैस रहते थे, जिस कारण स्थानीय लोग चाह कर भी इस पचड़े में नहीं पड़ रहे थे।

बताया जाता है कि इसी बीच मामले की गुप्त सूचना खानपुर पुलिस को मिली। जिसके बाद प्रशिक्षु डीएसपी सह खानपुर थानाध्यक्ष रिशिता स्नेह एवं अपर थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार के साथ हथौड़ी एवं शिवाजीनगर थाना की पुलिस संयुक्त रूप से भारी संख्या में पुलिस बल के साथ बाघोपुर गांव में छापेमारी की। पुलिस ने घटनास्थल से कई बदमाशों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से कुछ लड़कियों को भी मुक्त कराया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए सदर डीएसपी 2 विजय महतो ने बताया कि गुप्त सूचना पर खानपुर थाना क्षेत्र के बाघोपुर गांव में यह कार्रवाई की गई है। बदमाशों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से छानबीन कर रही है। जल्द ही मीडिया को विस्तृत जानकारी दी जायेगी।














