झाड़फूंक करने वाली जट्टावाली भगतिनी की गला रेतकर हत्या, एफएसल टीम के साथ छानबीन में जुटी पुलिस


मिथिला पब्लिक न्यूज, कमलेश झा ।

समस्तीपुर के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां जट्टावाली भगतिनी के नाम से मशहूर झाड़फूंक करने वाली एक अधेड़ महिला की निर्ममता से गला रेतकर हत्या कर दी गई है। उक्त महिला की लाश गुरुवार की सुबह उसके ही घर से मिली है।  महिला की हत्या की सूचना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय पुलिस एफएसएल टीम के साथ घटना की छानबीन में जुटी है।


घटना विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के मऊ धनेशपुर उत्तर पंचायत स्थित दमदमा गांव की बतायी जा रही है। 
मृतका की पहचान साहिट पंचायत के मलकलीपुर गांव निवासी स्व. गांगो पासवान की 50 वर्षीया पत्नी उर्मिला देवी उर्फ जट्टावाली भगतिनी के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि मृतिका मूल रूप से साहिट पंचायत के मलकलीपुर गांव की रहने वाली थी। वह पति के मौत के बाद पिछले पांच वर्ष से दमदमा गांव में सड़क किनारे झोपड़ी बना कर अकेली रहती थी।

भैंस पाल कर एवं मजदूरी कर किसी तरह जीवन व्यतीत कर रही थी। वहीं गांव में झाड़फूंक का काम भी करती थी। बताया जाता है कि उसका किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं था। गुरुवार की सुबह घर के आगे खूंटे से बंधी भैंस सुबह में चारा नहीं मिलने पर जोर जोर से आवाज लगा रही थी। जिसे देख कर पड़ोसी को कुछ अटपटा सा लगा, तो वह भैंस के मालकिन को उठाने के लिए उसके घर गया। लेकिन महिला को बिछावन पर मृत देखकर उसने शोर मचाया। तब आस-पास के लोगों ने घर में जाकर देखा तो महिला गला कटा हुआ था। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल पंचायत के मुखिया और स्थानीय पुलिस को दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही दलसिंहसराय अंचल पुलिस निरीक्षक नीरज कुमार तिवारी व थानाध्यक्ष फिरोज आलम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने उक्त महिला का शव झोपड़ीनुमा उसके घर से बरामद किया। सर्किल इंस्पेक्टर नीरज तिवारी ने बताया कि पुलिस घटना की बारीकी से जांच कर रही है। एफएसएल टीम की मदद भी ली जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेजा गया है। आस-पास के लोगों से महिला के बारे में जानकारी इकट्ठा की जा रही है।

Leave a Comment

Read More

error: Content is protected !!