हथियार के साथ कल्याणपुर में पकड़े गए 3 बदमाश, पुलिस ने कहा लूट की बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में थे सभी


मिथिला पब्लिक न्यूज, कमलेश झा ।
समस्तीपुर पुलिस ने कल्याणपुर थाना क्षेत्र से तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से हथियार, गोली व बाइक बरामद की गई है। शनिवार को सदर डीएसपी 2 विजय महतो ने प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बरहेता गांव के एक लीची बगान से इन्हें पकड़ा गया है। जो लूट की बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए इकट्ठा हुए थे। इससे पहले की वे किसी बड़ी घटना को अंजाम दे पाते उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।


पकड़े गए अपराधियों की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के छेटबखरी निवासी अजीम अंसारी के पुत्र मो इकबाल अंसारी उर्फ भोला, भट्टी चौक के सुरेश राम का पुत्र बैद्यनाथ राम एवं तीसरे की पहचान दरभंगा जिले के हायाघाट गोड़हरी निवासी कैलाश राय के पुत्र सोनू कुमार यादव के रूप में की गई है। मो। इकबाल पर पूर्व से आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।


अपराधियों के पास से दो पिस्टल, तीन मैग्जीन, सात जिन्दा गोली, चार एन्ड्रॉयड मोबाईल एवं एक बुलेट मोटरसाईकिल भी बरामद किए गए हैं। इनके विरुद्ध कल्याणपुर थाना में आर्म्स एक्ट से सम्बंधित एक नया केस दर्ज किया गया है। इन अपराधियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में परि. DSP सह थानाध्यक्ष विकास केशव, अपर थानाध्यक्ष पुअनि दीपक कुमार झा, पुअनि सिम्पी कुमारी, पुअनि शंभु कुमार सिंह एवं सअनि हरेन्द्र तिवारी आदि शामिल थे।

Leave a Comment

Read More

error: Content is protected !!