

मिथिला पब्लिक न्यूज़, कमलेश झा ।
समस्तीपुर से गोलीबारी की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां शुक्रवार की शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना शहर के मगरदही मोहल्ले की बताई जाती है। मृत युवक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर निजामत निवासी अशोक राय के पुत्र आयुष कुमार (22वर्ष) के रूप में की गई है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। मगरदही मोहल्ले में मृतक का ननिहाल बताया जाता है। जहां पिछले कुछ वर्षों से वह रह रहा था। बताया जाता है कि उसके मामा का कुछ लोगों के साथ पुरानी रंजिश चल रही है। जिस कारण इस घटना को अंजाम दिया गया है। वैसे नगर थाने की पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है।


घटना को लेकर बताया जाता है कि आयुष शुक्रवार की शाम अपने एक साथी के साथ बाइक से लौट रहा था। वह बाइक पर पीछे बैठा हुआ था। एक राजनीतिक पार्टी कार्यालय के पास से गुजर रहा था। जहां खड़े कुछ बदमाशों ने उसे गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग खड़े हुए। इधर, गोली की आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। मृत युवक के परिजनों से घटना के बाबत जानकारी लेकर पुलिस छानबीन में जुट गई है।

उधर, घटना की सूचना पर पहुंचे सदर डीएसपी सह एएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि अभी तक जो बातें छन कर सामने आई है उससे यही पता चल रहा है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश ही है। गोली मारकर भागने वाले बदमाशों को आइडेंटिफाई कर लिया गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जायेगा।












