

मिथिला पब्लिक न्यूज, कमलेश झा ।
समस्तीपुर के उजियारपुर थाना क्षेत्र के सातनपुर से दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहाँ 24 वर्षीय एक विवाहिता की गला काटकर हत्या कर दी गई है। वहसी दरिंदों ने विभत्स तरीके से घटना को अंजाम दिया है। सोमवार की सुबह सातनपुर चौर स्थित गेहूं के एक खेत में अर्धनग्न अवस्था में उसकी लाश मिली है। लाश की स्थिति को देखकर कयास लगया जा रहा है कि दरिंदों ने उसकी आबरू लूटने के बाद गला काटकर उसकी हत्या कर दी है। उसके शरीर पर कई गहरे जख्म भी देखे गए हैं, जिससे लग रहा है कि बड़ी बेहरमी से धारदार हथियार से उसपर ताबड़तोड़ वार किया गया है।

मृत विवाहिता की पहचान बाजितपुर गांव निवासी सुरेंद्र दास की 24 वर्षिया विवाहिता पुत्री आभा कुमारी के रूप में की गई है। जो पिछले कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी। उसके दो छोटे छोटे बच्चे भी हैं। स्थानीय लोगों का बताना है कि गांव के कुछ लोग शौच करने खेत की तरफ गए थे। जहां गेहूं के एक खेत में एक महिला की अर्धनग्न अवस्था में लाश देखा। उसके गर्दन, चेहरा एवं शरीर पर कई गहरे जख्म थे। उसके कपड़े पास ही बिखरे पड़े थे। लाश को देखकर लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, तथा इसकी सूचना उजियारपुर पुलिस को दी। लोगों ने शव को तत्काल एक कपड़े से ढंक दिया। सुचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे उजियारपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद वरीय अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उनके आदेश पर डीआईयू एवं एफएसएल की टीम भी घटना की छानबीन में जुट गई है।


इधर, घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी है।
देखते ही देखते हजारों की संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ पड़ी। मृतका की पहचान उसके परिजनों के पहुंचने के बाद हुई। परिजनों का कहना है कि पुत्री के मोबाइल पर कोई कॉल आया था। जिसके कुछ देर बाद वह घर से बाहर निकली थी। सुबह में हल्ला सुन खेत में गयी तो उसकी बेटी की लाश पड़ी थी। घटना को लेकर आसपास के लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वैसे पुलिस की टीम छानबीन में जुटी है।

एसपी अशोक मिश्रा ने बताया कि उन्होंने स्वंय घटनास्थल का जायजा लिया है। ऐसा प्रतीत हो रहा है हत्यारे ने पूरे गुस्से में विभत्स तरीके से घटना को अंजाम दिया है। एफएसएल सभी तरह के एविडेंस को घटनास्थल से कलेक्ट कर रही है। मृतका से जुड़ी सभी पहलुओं की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर लिया जायेगा।













